राष्ट्रीय

‘वडनगर मेरा जन्मस्थान, काशी कर्मभूमि…’ मन की बात में PM मोदी ने साझा किया भावनात्मक जुड़ाव, बिहार संग्रहालय की उपलब्धि भी सराही

नई दिल्ली / वाराणसी ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में गुजरात के वडनगर और उत्तर प्रदेश के काशी से अपने व्यक्तिगत जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वडनगर उनका जन्मस्थान है, जबकि काशी उनका संसदीय क्षेत्र है। दोनों ऐतिहासिक शहरों से जुड़ाव को उन्होंने अपना सौभाग्य बताया।

वडनगर को बताया गुजरात की काशी

प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य गुजरात के ऐतिहासिक शहर वडनगर पहुंचे थे। उन्होंने वडनगर को गुजरात की काशी के रूप में पहचान दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वडनगर और काशी दोनों शहर हजारों वर्षों से अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वडनगर में उनका जन्म हुआ और काशी से उनका संसदीय जुड़ाव है। इन दोनों शहरों से उनका रिश्ता उनके लिए विशेष महत्व रखता है।

बिहार संग्रहालय को दुनिया में नौवां स्थान

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने देश के संग्रहालयों की उपलब्धियों की भी चर्चा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी वे किसी स्थान पर घूमने जाएं, वहां के संग्रहालयों को देखने और उनके इतिहास को जानने के लिए भी समय निकालें।

मोदी ने बताया कि पटना स्थित बिहार संग्रहालय को दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है। इस उपलब्धि के साथ इसे एशिया में पहला स्थान हासिल हुआ है। उन्होंने पेरिस के लोआर्स संग्रहालय और न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध द मेट संग्रहालय का उल्लेख करते हुए बिहार संग्रहालय की उपलब्धि को सराहा।

वडनगर संग्रहालय को मिला प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान

प्रधानमंत्री ने गुजरात के वडनगर में विकसित अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल एक्सपेरिमेंटल म्यूजियम की विशेषताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पुरातात्विक खुदाई के दौरान यहां इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण वस्तुएं मिली थीं। जिस स्थान पर खुदाई की गई थी, उसी जगह पर इस संग्रहालय को विकसित किया गया है।

संग्रहालय में ऐसा विशेष मार्ग बनाया गया है, जहां से पर्यटक जमीन के कई मीटर नीचे तक हुई पुरातात्विक खुदाई को देख सकते हैं। यहां पांच हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं।

प्रधानमंत्री के अनुसार, इसी महीने बर्लिन में वडनगर संग्रहालय को डिजाइन के क्षेत्र का प्रतिष्ठित ‘रेड डॉट : बेस्ट ऑफ द बेस्ट’ अवॉर्ड मिला है। यह सम्मान प्राप्त करने वाला भारत का पहला संग्रहालय बना है।

देशभर के अच्छे प्रयासों का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक कार्यों और लोगों के प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज में किए जा रहे अच्छे काम दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं। वहीं, प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए वाराणसी सहित देश के विभिन्न हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!