छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठिठुरन, अंबिकापुर में 8.5 डिग्री पर पहुंचा पारा, रायपुर में सुबह छाया कोहरा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अंबिकापुर में पारा गिरकर 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रायपुर समेत दुर्ग और बिलासपुर में भी रात के तापमान में गिरावट आई है। बीते तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने के साथ ही सुबह और शाम लोगों को सर्दी का अधिक एहसास होने लगा है। रविवार सुबह राजधानी रायपुर में कोहरे का असर भी देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का प्रभाव बना रहेगा।
अंबिकापुर में सबसे कम 8.5 डिग्री तापमान
प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर सबसे अधिक दिखाई दे रहा है। अंबिकापुर और बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र में लगातार तापमान गिर रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सुकमा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में 15 डिग्री तक गिरा रात का तापमान
राजधानी में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। तीन दिन पहले तक 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने वाला अधिकतम तापमान अब घटकर 27.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 नवंबर को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह और रात में ठंड अधिक महसूस होगी।
पश्चिम बंगाल में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है। प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात की ठंड से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम हैं।



