मध्यप्रदेश

आधी रात से पहले हमीदिया अस्पताल पहुंचे CM मोहन यादव, अव्यवस्थाओं पर अधिकारियों को लगाई फटकार

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 नवंबर की रात अचानक हमीदिया अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और सर्जरी वार्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ अव्यवस्थाएं सामने आने पर मुख्यमंत्री ने आयुक्त स्वास्थ्य और जिला कलेक्टर को तत्काल अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही पूरी जांच कर सुबह तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

मरीजों से जाना इलाज और सुविधाओं का हाल

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती सिवनी निवासी आदिल, नरसिंहगढ़ निवासी अमृतलाल वर्मा, ब्यावरा निवासी प्रेम यादव, भोपाल निवासी कन्हैयालाल और झांसी के मऊरानीपुर निवासी महेंद्र सिंह से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। इस दौरान वे सर्जरी वार्ड क्रमांक-5 में भी पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों से संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों की उपलब्धता, चिकित्सा संसाधनों, दवाइयों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति भी देखी। उन्होंने अस्पताल के रजिस्टरों की जांच की। इस दौरान कुछ कमियां और अव्यवस्थाएं सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने और जांच रिपोर्ट सुबह तक सौंपने के निर्देश दिए।

मौसम में बदलाव, अस्पतालों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डॉक्टरों को मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव आया है। ऐसे में अस्पतालों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सहज निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां जानी हैं और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी शासकीय विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे और जिस स्तर का स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है, उसी के अनुरूप मरीजों को सुविधाएं भी मिलेंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!