दिल्ली

‘आजादी नहीं मिलती तो पाकिस्तानी सेना के जूतों तले होता बांग्लादेश’, वतन वापसी से पहले शेख हसीना का बड़ा बयान

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपनी प्रस्तावित वतन वापसी से पहले बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि बांग्लादेश को आजादी नहीं मिली होती तो आज भी देश पाकिस्तानी सेना के जूतों तले दबा होता। उन्होंने मौजूदा तारिक रहमान सरकार पर राजनीतिक हिंसा और अत्याचार के गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

शेख हसीना ने ये बातें अवामी लीग के एक ऑनलाइन कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने मयमनसिंह जिले में 1971 के स्वतंत्रता सेनानी शेख हुसैन अली की हत्या का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि हत्या के बाद उनके शव को पेड़ पर लटका दिया गया था। उन्होंने राजनीतिक हिंसा में मारे गए पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों का भी उल्लेख किया।

जेल में बंद लोगों को प्रताड़ित करने का आरोप

हसीना ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिरासत में रखे गए लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें दवाइयां और समुचित इलाज तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों की जेल में मौत हो चुकी है, लेकिन उनके परिवारों को इसकी जानकारी तक नहीं दी गई।

उनकी प्रस्तावित वापसी के ऐलान के बाद से BNP और अवामी लीग के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ने की बात भी सामने आई है। दोनों दलों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़पों और अवामी लीग के नेताओं व कार्यकर्ताओं के घरों तथा दुकानों को निशाना बनाए जाने के आरोप लगे हैं।

पिता शेख मुजीब उर रहमान को किया याद

अपने संबोधन में शेख हसीना ने पिता शेख मुजीब उर रहमान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने बांग्लादेश की आजादी के लिए संघर्ष किया था। यदि वे जीवित रहते तो देश आजादी के दस वर्षों के भीतर दुनिया के विकसित देशों में शामिल हो सकता था। हसीना के मुताबिक, उनकी हत्या के साथ ही बांग्लादेश के विकास का सपना भी अधूरा रह गया।

गौरतलब है कि शेख मुजीब उर रहमान को बांग्लादेश का संस्थापक माना जाता है। उन्होंने पाकिस्तान से अलग स्वतंत्र बांग्लादेश बनाने के आंदोलन का नेतृत्व किया था। 1971 में आजादी के बाद वे देश के पहले प्रधानमंत्री बने। वर्ष 1975 में सैन्य तख्तापलट के दौरान उनके आवास पर उनकी और परिवार के कई सदस्यों की हत्या कर दी गई थी।

16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा

शेख हसीना ने पहली बार अपनी वतन वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख का उल्लेख किया है। उन्होंने तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की है। रॉयटर्स के मुताबिक, हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बताया कि वे सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश की उड़ान से दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं।

16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसी ऐतिहासिक दिन को बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है।

5 अगस्त 2024 को भारत आई थीं शेख हसीना

बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के विरोध में छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। इसकी पृष्ठभूमि में हाईकोर्ट का वह फैसला था, जिसमें 1971 के स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण बहाल किया गया था।

जुलाई में आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग करने और गोली चलाने के आरोप लगे। इसके बाद आंदोलनकारियों ने शेख हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी।

संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, वर्ष 2024 में आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारियों के ढाका में प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ने के बाद शेख हसीना ने पद छोड़ दिया और सैन्य विमान से भारत आ गईं। तब से वे भारत में रह रही हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!