सरगुजा संभाग

सरगुजा में खुलेंगी फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां, CM साय ने की घोषणा

अंबिकापुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए राज्य सरकार तीन नई खेल अकादमियां स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां खोलने की घोषणा की है। इन अकादमियों में स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री रविवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरगुजा की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में ऐसे अनेक खिलाड़ी हैं, जिन्हें उचित संसाधन और प्रशिक्षण मिलने पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ऐसी प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त मंच बन रहा है। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों के अभाव में किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा और उसका सपना अधूरा न रहे।

सरगुजा ओलंपिक में 4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक के प्रति खिलाड़ियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। पिछले संस्करण में जहां करीब साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 4 लाख 16 हजार से अधिक हो गई है। प्रतियोगिता में बालिकाओं की भी उत्साहजनक भागीदारी रही।

विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से दूरस्थ गांवों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।

खेल सुविधाओं के विकास के लिए हर साल 100 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत राज्य बजट में प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी तथा वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स योजना के तहत विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी किया जा रहा है।

राज्य खेल अलंकरण के माध्यम से अब तक 1,143 खिलाड़ियों को लाभान्वित किया गया है। वहीं 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है।

ओलंपिक पदक विजेताओं को मिलेंगे तीन करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के लिए घोषित प्रोत्साहन राशि की जानकारी देते हुए बताया कि ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं पदक जीतने पर स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ की कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी की एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक उपलब्धि और राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव के भारोत्तोलन में रजत पदक जीतने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से लगातार राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं।

11 खेल विधाओं में तीन दिनों तक चला मुकाबला

‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के संदेश के साथ आयोजित सरगुजा ओलंपिक 2026-27 में तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में मुकाबले हुए। संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपने कौशल और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल विधाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इसके जरिए खिलाड़ियों को विकासखंड स्तर से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

समापन समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!