राष्ट्रीय

‘नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत सुनने चाहिए’, PM मोदी का विपक्ष पर तंज, बोले- कुछ लोगों को विकसित भारत का संकल्प पसंद नहीं

( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 29 नवंबर को भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कला, संस्कृति और राष्ट्र की एकता पर बात करते हुए विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘नाराज फूफाओं’ को भूपेन दा के गीत सुनने चाहिए, शायद उन्हें सद्बुद्धि आ जाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को विकसित भारत का संकल्प पसंद नहीं आता और वे देश को बांटकर देखने की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाए हैं।

विकसित भारत का संकल्प ही देश की एकता की पहचान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में भाषा, खान-पान, पहनावा और जीवनशैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन देशवासियों का लक्ष्य एक है और वह है विकसित भारत का निर्माण। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विवादों के जरिए राजनीतिक लाभ तलाशते हैं और देश की उपलब्धियों से असहज रहते हैं। ऐसे लोगों को भूपेन हजारिका के गीत सुनने की सलाह देते हुए उन्होंने एकता और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।

असम की संतान और गुजरात के दामाद थे भूपेन हजारिका

प्रधानमंत्री ने भूपेन हजारिका को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की जीवंत मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि भूपेन दा असम की महान संतान थे और गुजरात से भी उनका पारिवारिक रिश्ता था। वे गुजरात के दामाद भी थे। मोदी ने गुवाहाटी में 11 हजार कलाकारों द्वारा एक साथ बिहू नृत्य प्रस्तुत करने के ऐतिहासिक आयोजन का उल्लेख करते हुए असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की।

उषा मंगेशकर को सम्मान, लता और आशा दीदी को किया याद

प्रधानमंत्री ने भूपेन हजारिका की स्मृति में असम सरकार की ओर से शुरू किए गए नए पुरस्कार की सराहना की। उन्होंने उषा मंगेशकर को इस सम्मान से नवाजे जाने को संगीत जगत के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया। इस दौरान उन्होंने स्वर कोकिला लता मंगेशकर और आशा भोसले के योगदान को भी याद किया।

1962 के युद्ध से अंतरिक्ष मिशन तक, युवाओं की उपलब्धियों का जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान भूपेन हजारिका के देशभक्ति गीतों की भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि भूपेन दा का संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं था, बल्कि उसमें देशभक्ति, सामाजिक एकता और मानवीय संवेदनाओं की गहरी अभिव्यक्ति थी।

उन्होंने आज के युवाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के युवा स्टार्टअप से लेकर अंतरिक्ष मिशन तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भूपेन हजारिका ने केवल गीतों की रचना नहीं की, बल्कि अपने संगीत के माध्यम से एक युग का निर्माण किया। उनके गीतों ने समाज को जोड़ने और राष्ट्र की आत्मा को आवाज देने का काम किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!