बिलासपुर संभाग

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से तीन लोगों की मौत, विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई ने भी गंवाई जान

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले भी शामिल हैं। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है।

मुंगेली ( शिखर दर्शन ) //

सुबह करीब 6 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा मुंगेली जिले के दशरंगपुर गांव में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि अधीन मोहले मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान वे अपने घर के बाहर सड़क किनारे कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना में अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बल्लू बघेल, पिता तिजऊ राम और रेहुंटा निवासी गंगा राम भी शामिल हैं। हादसे की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

टक्कर के बाद फरार हुआ चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल वाहन के मालिक, पंजीयन नंबर और चालक की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में एक पिकअप वाहन तखतपुर की ओर से मुंगेली की तरफ जाते दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज की जांच कर रही है। हालांकि, फुटेज में दिखे वाहन का इस दुर्घटना से संबंध जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

जिला अस्पताल पहुंचे विधायक मोहले

हादसे की जानकारी मिलने पर विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने अपने भाई सहित तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भाजपा के नेता, कार्यकर्ता और विधायक के समर्थक भी जिला अस्पताल पहुंचे।

एक ही दुर्घटना में तीन लोगों की मौत से मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त है।

दोपहर 3 बजे होगा अधीन मोहले का अंतिम संस्कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधीन मोहले का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 3 बजे उनके गृह ग्राम दशरंगपुर में किया जाना निर्धारित है। गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार चालक के संबंध में आगे की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!