अन्तर्राष्ट्रीय

भीषण रेल हादसे में 6 की मौत, 30 से अधिक घायल; 500 यात्रियों से भरी ट्रेन की सभी 14 बोगियां बेपटरी

पाकिस्तान में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस की सभी 14 बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

मुल्तान ( एजेंसी ) //

शेर शाह पुल के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मुल्तान के शेर शाह इलाके में हुआ। कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस शेर शाह पुल के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक ट्रेन की सभी 14 बोगियां पटरी से उतर गईं। ट्रेन में करीब 500 यात्री सवार थे।

अचानक झटका लगने पर चालक ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक

ट्रेन के चालक के मुताबिक, शेर शाह स्टेशन से गुजरते समय उसे अचानक तेज झटका महसूस हुआ। उसने तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगा दिए। ट्रेन रुकने पर पता चला कि उसके सभी 14 डिब्बे पटरी से उतर चुके थे। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, बचाव अभियान जारी

हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचे और पटरी से उतरे डिब्बों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

दोनों रेल लाइनों पर यातायात प्रभावित

दुर्घटना के कारण अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर यातायात बाधित हो गया, जिससे इस मार्ग पर रेल सेवाओं पर असर पड़ा। मुल्तान के कमिश्नर अमीर करीम खान ने घटनास्थल का दौरा किया और प्रभावित यात्रियों तथा उनके परिवारों से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिलाया।

हादसे की वजह का पता लगाने में जुटे अधिकारी

फिलहाल ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच कर वास्तविक वजह का पता लगाने की बात कही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!