अन्तर्राष्ट्रीय

शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर भड़का बांग्लादेश , हुमायूं कबीर ने कहा कि वह एक भगोड़ी आतंकवादी है; हथकड़ी पहनाकर लाएंगे, पहुंचते ही होगी गिरफ्तारी

16 दिसंबर को विजय दिवस पर भारत से ढाका लौटना चाहती हैं पूर्व प्रधानमंत्री, बांग्लादेश सरकार ने प्रत्यर्पण के जरिए वापसी की कही बात

ढाका/नई दिल्ली // बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा ने वहां की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के अवसर पर भारत से ढाका लौटने की इच्छा जताई है। इस पर बांग्लादेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि उनकी वापसी सामान्य नागरिक की तरह नहीं होगी। सरकार का कहना है कि उन्हें भारत से प्रत्यर्पण प्रक्रिया के जरिए ही लाया जा सकता है और बांग्लादेश पहुंचते ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।

हुमायूं कबीर ने शेख हसीना को बताया भगोड़ी अपराधी

बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने शेख हसीना की वापसी की योजना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हसीना एक दोषी अपराधी और भगोड़ी हैं। उन्हें प्रत्यर्पण संधि के तहत ही वापस लाया जा सकता है। कबीर के मुताबिक, उनकी वापसी हथकड़ी पहनाकर या कड़ी निगरानी में ही संभव है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हसीना कोई सामान्य यात्री नहीं हैं, जिन्हें अपनी इच्छा से देश में आने की अनुमति दे दी जाए।

16 दिसंबर को ढाका लौटने की तैयारी में शेख हसीना

शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के अवसर पर स्वदेश लौटना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने बांग्लादेश सरकार से दिल्ली से ढाका तक विमान की व्यवस्था करने और सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से यात्रा कराने का अनुरोध किया है।

उनके प्रवक्ता का तर्क है कि जब 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, तो अब सरकार की जिम्मेदारी है कि उनकी वापसी के लिए भी विमान की व्यवस्था करे।

हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने इस मांग को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। सरकार का कहना है कि उनकी वापसी का रास्ता केवल प्रत्यर्पण प्रक्रिया से होकर गुजरता है।

छात्र आंदोलन के बाद छोड़नी पड़ी थी सत्ता

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन और व्यापक हिंसा के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद वह भारत आ गई थीं। उन्होंने करीब 15 वर्षों तक बांग्लादेश की सत्ता संभाली थी।

नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई हिंसक कार्रवाई के मामले में उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। शेख हसीना ने आरोपों और फैसले को खारिज किया है।

अब 16 दिसंबर को उनकी प्रस्तावित वापसी और बांग्लादेश सरकार के सख्त रुख ने भारत-बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि भारत प्रत्यर्पण के अनुरोध पर क्या कदम उठाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!