रायपुर संभाग

उत्तर छत्तीसगढ़ में 4 डिग्री तक गिर सकता है रात का तापमान, बढ़ेगी ठिठुरन

रायपुर में मौसम रहेगा साफ, सरगुजा में घने कोहरे का अलर्ट; फिलहाल बारिश की संभावना नहीं

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // नवंबर का महीना समाप्त होने के साथ ही छत्तीसगढ़ में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस हो रही है, जबकि दिन में धूप के कारण गर्मी का अहसास बना हुआ है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। 28 नवंबर तक यहां न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

सुकमा में सबसे अधिक, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सुकमा में सर्वाधिक 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

सरगुजा में घने कोहरे की चेतावनी

सरगुजा जिले में बुधवार सुबह एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के सभी क्षेत्रों में ठंड का असर एक जैसा नहीं रहेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने का अनुमान नहीं है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!