रायपुर संभाग

कार्तिक पूर्णिमा पर महादेव घाट पहुंचे भूपेश बघेल, खारुन नदी में लगाई डुबकी; गुलाटी मारकर पानी में कूदे

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर के महादेव घाट पहुंचे। यहां उन्होंने खारुन नदी के ठंडे पानी में आस्था की डुबकी लगाई। हर साल की परंपरा को बरकरार रखते हुए इस बार भी भूपेश बघेल ने गुलाटी मारकर नदी में छलांग लगाई। स्नान के बाद उन्होंने हटकेश्वरनाथ महादेव के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

खारुन नदी में स्नान के बाद किया दीपदान

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेव घाट में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। बड़ी संख्या में लोग खारुन नदी में पवित्र स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। इसी धार्मिक परंपरा के तहत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी सुबह घाट पहुंचे।

नदी में स्नान के बाद उन्होंने दीपदान किया और हटकेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव को जल अर्पित किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

घाट पर जुटे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता

भूपेश बघेल के महादेव घाट पहुंचने के दौरान कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। उनके पहुंचने से घाट पर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां भी देखने को मिलीं।

आज से तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेला

राजधानी का महादेव घाट प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। विशेष पर्वों और धार्मिक अवसरों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी खारुन नदी में स्नान और हटकेश्वर महादेव के दर्शन का विशेष महत्व है।

इस अवसर पर महादेव घाट में आज से तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले का आयोजन भी शुरू हो गया है। अगले तीन दिनों तक यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!