छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट: पांच जिलों पर मौसम का बड़ा खतरा, अगले 48 घंटे बेहद भारी

रायगढ़ और बलौदाबाजार के लिए रेड अलर्ट, बिलासपुर, रायपुर व जांजगीर-चांपा में ऑरेंज अलर्ट; गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। रायगढ़ और बलौदाबाजार जिलों के लिए रेड अलर्ट, जबकि बिलासपुर, रायपुर और जांजगीर-चांपा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का असर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे लगे पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह तंत्र धीरे-धीरे उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।
इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
मौसम विभाग ने रायगढ़ और बलौदाबाजार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई है। वहीं बिलासपुर, रायपुर और जांजगीर-चांपा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
बिजली गिरने और जलभराव का खतरा
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के पास नहीं जाने तथा गरज-चमक के समय खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।



