लिफ्ट मांगने वाले लुटेरों का खूनी खेल: कॉलेज छात्र को पत्थरों से पीटा, बाइक, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार

कॉलेज छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठे दो बदमाश, सुनसान जगह पर वारदात को दिया अंजाम; घायल छात्र ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सरकंडा थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्र को राह चलते अज्ञात युवक को लिफ्ट देना भारी पड़ गया। युवक ने पहले कॉलेज तक छोड़ने की बात कहकर छात्र की मोटरसाइकिल पर सवारी की, लेकिन कुछ दूरी बाद अपने एक साथी को भी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने सुनसान स्थान पर छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लिया। गंभीर रूप से घायल छात्र किसी तरह लोगों की मदद से सरकंडा थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कॉलेज का रास्ता पूछते-पूछते बन गया लूट का शिकार
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सुरज कुमार यादव, मूल निवासी ग्राम सिरसिया, थाना पतना, जिला कोरिया, वर्तमान में बिलासपुर के मुंगेली नाका क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता है। 27 जुलाई को वह अपने साथी योगेश कुमार के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 सीयू 2410 से कॉलेज का पता करने जा रहा था। इसी दौरान मगरपारा स्थित शिव डीजल्स के पास एक युवक ने कॉलेज छोड़ने की बात कहकर लिफ्ट मांगी। छात्र ने मानवता दिखाते हुए उसे बाइक पर बैठा लिया।
रास्ते में साथी को बैठाया, फिर सुनसान जगह पर हमला
कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपी ने अपने एक साथी को भी बाइक पर बैठा लिया। डीजल्स कार्यालय के पास पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने छात्र पर आगे नहीं जाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर दोनों ने लात-घूंसों, थप्पड़ों और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गया।
बाइक, मोबाइल, एयरबड्स और नकदी लेकर भागे आरोपी
मारपीट के बाद आरोपी छात्र की रेडमी-9 मोबाइल, एयरबड्स, करीब 200 रुपये नकद तथा मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 79 हजार रुपये बताई जा रही है।
घायल छात्र की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल छात्र सरकंडा थाना पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों एवं उनके साथी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



