अन्तर्राष्ट्रीय

जापान में भूकंप के बाद मॉल में भीषण धमाका, दूसरी मंजिल ढही; कई लोगों के फंसे होने की आशंका

7.1 तीव्रता के भूकंप के कुछ घंटे बाद कुमामोटो के शॉपिंग मॉल में हादसा, राहत-बचाव अभियान जारी

टोक्यो/कुमामोटो ( एजेंसी ) // जापान के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में मंगलवार को आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कुछ घंटों बाद कुमामोटो प्रांत के काशिमा टाउन स्थित एओन मॉल कुमामोटो में भीषण धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाके के बाद मॉल की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे कई लोगों के मलबे में फंसने की आशंका है। राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मॉल में कार्यरत एक रिटेलर ने बताया कि कई ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कुछ लोगों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका बनी हुई है। अधिकारियों ने संभावित जनहानि से इनकार नहीं किया है, हालांकि आधिकारिक रूप से मृतकों की पुष्टि अभी नहीं की गई है।

समाचार एजेंसी एनएचके के अनुसार, अग्निशमन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विस्फोट के कारण शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया। इससे पहले पुलिस को एओन मॉल से तेज धमाके जैसी आवाज आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद आपातकालीन सेवाओं की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गईं।

इससे पहले मंगलवार को जापान के क्यूशू द्वीप स्थित कुमामोटो क्षेत्र में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। जापान मौसम एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था, जिससे क्षेत्र में तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र राजधानी टोक्यो से लगभग 900 किलोमीटर दूर बताया गया है।

फिलहाल अधिकारियों ने मॉल में हुए धमाके और भूकंप के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हादसे में हताहतों की वास्तविक संख्या का पता राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही चल सकेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!