बारिश बनी काल: घर में सो रही 9 वर्षीय मासूम को करैत ने डसा, इलाज के दौरान मौत

रतनपुर में देर रात जहरीले सांप के डसने से गई मासूम की जान, गांव में शोक की लहर; बारिश के मौसम में बढ़ी सतर्कता की जरूरत
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जहरीले सांपों की बढ़ती गतिविधियां लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। रतनपुर थाना क्षेत्र के खसरियापारा में देर रात घर के भीतर सो रही नौ वर्षीय मासूम बच्ची को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
रात ढाई बजे घर में घुसा करैत, सोती बच्ची को डसा
जानकारी के अनुसार, खसरियापारा निवासी 9 वर्षीय शालनी अघरिया, जो तीसरी कक्षा की छात्रा थी, सोमवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। रात करीब 2:30 बजे एक जहरीला करैत सांप घर में घुस आया और बच्ची के हाथ की उंगली पर डस लिया।
कुछ देर बाद परिजनों की नजर सांप पर पड़ी तो घर में अफरा-तफरी मच गई। बच्ची के हाथ पर सांप के काटने का निशान दिखाई देने पर उसे तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सिम्स रेफर, लेकिन नहीं बच सकी जान
प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की हालत लगातार बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे मासूम ने दम तोड़ दिया। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
बारिश के मौसम में बढ़ा जहरीले सांपों का खतरा
लगातार बारिश के कारण जहरीले सांप अपने बिलों से निकलकर रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में घरों और आसपास के स्थानों की नियमित साफ-सफाई रखें, रात में विशेष सावधानी बरतें तथा सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने का प्रयास करने के बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्पमित्र को सूचना दें। रतनपुर की यह घटना एक बार फिर मानसून के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता की गंभीर याद दिलाती है।



