कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी का कमाल, रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री साय ने वीडियो कॉल पर दी बधाई

मुख्यमंत्री बोले— आपकी मेहनत ने बढ़ाया देश और छत्तीसगढ़ का मान, बेटियों और खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव निवासी तथा छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की यह सफलता वर्षों की कठिन साधना, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह आने वाले समय में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी उनकी मुलाकात ज्ञानेश्वरी से हुई थी और आज उनकी सफलता पर दोबारा संवाद कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपनी मेहनत और समर्पण से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं लगातार विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आत्मीय स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का स्नेह उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। खेल और सेवा, दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत और छत्तीसगढ़ दोनों का गौरव बढ़ाया है।



