मध्यप्रदेश

फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर नगर निगम की सख्ती

एलन इंस्टीट्यूट समेत 6 बड़े कोचिंग संस्थान सील, छात्रों की सुरक्षा से समझौता पड़ा भारी

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल में अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एलन इंस्टीट्यूट सहित छह प्रमुख कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि बार-बार नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद संस्थानों ने फायर सेफ्टी संबंधी कमियों को दूर नहीं किया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 25 जून 2026 को संबंधित संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में अग्निशमन व्यवस्था की खामियों को निर्धारित समय के भीतर दूर करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समयसीमा समाप्त होने के बाद भी आवश्यक सुधार नहीं किए गए।

इसके बाद नगर निगम की टीम पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ संबंधित संस्थानों में पहुंची। कार्रवाई के दौरान पहले सभी भवनों को खाली कराया गया, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम की स्थिति न बने। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत संस्थानों को सील कर दिया गया।

नगर निगम की कार्रवाई की जद में लालघाटी स्थित एलन इंस्टीट्यूट के अलावा इंद्रपुरी के गोयल टॉवर में संचालित अय्यूब खान कोचिंग, श्रेयांश कोचिंग, कीर्तिमान अकादमी, एब्सिल्यूट इंस्टीट्यूट तथा एनआईआईडीपी (NIIDP) ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शामिल हैं।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के बाद ही संबंधित संस्थानों को दोबारा संचालन की अनुमति दी जाएगी। यह कार्रवाई अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की सख्त चेतावनी मानी जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!