महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अस्पताल में भर्ती

बुखार और थकान के बाद जुपिटर अस्पताल में कराया गया भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा उपचार

मुंबई ( शिखर दर्शन ) // महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ठाणे स्थित जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें बुखार, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान की शिकायत के बाद चिकित्सकों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती किया गया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार शुक्रवार शाम से एकनाथ शिंदे अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। लगातार बुखार और थकान की शिकायत के चलते चिकित्सकों ने उन्हें आराम करने के साथ अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी। इसके बाद शनिवार सुबह उन्हें ठाणे के जुपिटर अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार शुरू किया गया।

अस्पताल सूत्रों का कहना है कि फिलहाल उनका रूटीन हेल्थ चेकअप किया जा रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। बुखार और कमजोरी के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न चिकित्सकीय जांच कराई जा रही हैं। शुरुआती तौर पर किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के संकेत नहीं मिले हैं।

उधर, अभी तक अस्पताल प्रशासन या उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनके स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

शिवसेना के पदाधिकारियों ने बताया कि एकनाथ शिंदे उपचार पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आवश्यक जांच पूरी होने के बाद वे शीघ्र ही अपने नियमित सरकारी और राजनीतिक कार्यों में लौट सकते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!