लोकल ट्रेन में मर्डरः बारिश के कारण ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर 22 साल के युवक को चाकू से गोद डाला

मुंबई (शिखर दर्शन) // मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बारिश के दौरान ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना पश्चिम रेलवे की फास्ट लोकल ट्रेन में अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच हुई।
फर्स्ट क्लास कोच में चाकू से किया हमला
जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान मयंक रमेश लोहार के रूप में हुई है। वह फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में सफर कर रहा था। बारिश के चलते ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर उसकी एक अन्य यात्री से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू निकालकर मयंक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने कई बार चाकू से वार किए, जिससे मयंक गंभीर रूप से घायल होकर ट्रेन में ही गिर पड़ा। अधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार
हत्या के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। घटना के बाद डिब्बे में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। यात्रियों की सूचना पर सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान के लिए रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसियों को आवश्यक तकनीकी साक्ष्य भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। पश्चिम रेलवे ने जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
बढ़ती जा रही हैं छोटी बातों पर हिंसक घटनाएं
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब सार्वजनिक परिवहन में छोटी-छोटी बातों पर हिंसक घटनाओं के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में दिल्ली में भी सीट को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मुंबई की इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती आक्रामकता और असहिष्णुता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।



