रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में फिर मेहरबान होगा मानसून: अगले 3-4 दिन झमाझम बारिश के आसार, उत्तरी जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // सावन माह में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। रायपुर सहित अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक वर्षा हुई।

तीन मौसमीय सिस्टम से बढ़ी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश बढ़ने के पीछे तीन सक्रिय मौसमीय तंत्र जिम्मेदार हैं। समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर, बस्ती, छपरा होते हुए नागालैंड तक बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, वहीं आंध्र प्रदेश के समीप बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक वर्षा की स्थिति बन रही है।

रायपुर में बादल, बारिश और उमस का रहेगा असर

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के बीच बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। बारिश के बावजूद उमस से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम है।

इन जिलों में हुई सबसे अधिक बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान शंकरगढ़ में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कुसमी, रतनपुर, सक्ती और भोपालपट्टनम में 7 सेंटीमीटर, सुकमा और सकोला में 6 सेंटीमीटर, जबकि सरागांव और बीजापुर में 5 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं पेंड्रा, भैरमगढ़, करपावंड, छाल, बरमकेला, सरिया और बम्हनीडीह में 4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

सामान्य से 7 प्रतिशत कम है मौसमी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक प्रदेश में हुई कुल मौसमी वर्षा सामान्य से लगभग 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। हालांकि आगामी दिनों में होने वाली बारिश से इस कमी में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!