चिकन पार्टी बनी खूनी वारदात: खाना बनाने के विवाद में बेटे ने माता-पिता पर किया हमला, पिता की मौत

शहडोल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब चिकन बनाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा में बेटे ने गुस्से में अपने ही माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पिता की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।
परिवार के साथ चिकन पार्टी की थी तैयारी
जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरा निवासी दउआ अपनी पत्नी यशोदा के साथ मजदूरी कर बाहर से घर लौटे थे। घर आने की खुशी में उन्होंने अपने बेटे अंजू को 500 रुपये देकर चिकन लाने के लिए भेजा, ताकि पूरा परिवार साथ बैठकर भोजन कर सके। बाजार से चिकन लाने के बाद बेटा खुद उसे बनाने की जिद करने लगा, लेकिन मां ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह चिकन ठीक से नहीं बना पाएगा और खाना खराब हो जाएगा।
कहासुनी के बाद हुआ जानलेवा हमला
इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में बेटे ने पहले अपनी मां पर हमला कर दिया। मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे पिता दउआ पर भी उसने हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पिता की मौत हो गई, जबकि घायल मां का अस्पताल में उपचार जारी है।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने कही यह बात
जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय बैगा ने बताया कि चिकन बनाने को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने पहले अपनी मां पर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता भी हमले का शिकार हो गए, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।



