संत रविदास जयंती वर्ष: वाराणसी की पवित्र माटी युक्त कलश मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह को सौंपा

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) //
समरसता संकल्प अभियान के तहत हुआ गरिमामय आयोजन
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश के पूजन एवं वितरण का भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम राजधानी रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पूजन, मुख्यमंत्री ने सौंपा कलश:
कार्यक्रम की शुरुआत राजधानी स्थित श्रीराम मंदिर में पूज्य संतों के सान्निध्य एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र कलश के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर शहर के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर को वाराणसी की पवित्र माटी युक्त कलश भेंट किया।
संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति:
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ प्रदेशभर से आए पूज्य साधु-संत, विभिन्न समाजों के समाज प्रमुख, जनप्रतिनिधि तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संत-महात्माओं के करकमलों से भी जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर को पवित्र कलश सौंपा गया।
गुरु रविदास के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत : दीपक सिंह
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समता, समरसता, मानवता और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। उनका जीवन जाति-पांति एवं ऊँच-नीच से ऊपर उठकर समानता, सेवा और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकजुट करने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
जिले के सभी मंडलों में होंगे समरसता कार्यक्रम:
दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि वाराणसी की पवित्र माटी युक्त यह कलश केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले के सभी मंडलों में इस पवित्र कलश के माध्यम से श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन एवं समरसता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि संत रविदास जी के आदर्श समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँच सकें।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष तुलसी बघेल, रितेश अग्रवाल, अभिषेक बोले चिक्की, सतीश सोनकर, भुनेश्वर रात्रे, अशोक पाटले, सहस सूर्यवंशी, दुर्गा अहिरवार, नीतिन पटेल, स्वर्णिम तिवारी, अनिल सिंह सहित भाजपा बिलासपुर शहर जिला के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



