मध्यप्रदेश

नशे में धुत प्रधान आरक्षक पर मारपीट का आरोप ! मुफ्त में शराब नहीं मिली तो सेल्समैन से की हाथापाई , CCTV में कैद हुई घटना

इंदौर में खुफिया शाखा के प्रधान आरक्षक पर गंभीर आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय कार्रवाई की मांग तेज

इंदौर ( शिखर दर्शन ) // इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग से जुड़े एक प्रधान आरक्षक पर शराब के नशे में मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। खुफिया शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक तन्मय सिंह तोमर पर आरोप है कि उन्होंने शराब दुकान पर मुफ्त में शराब मांगने के दौरान विवाद किया और विरोध करने पर सेल्समैन के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

शराब दुकान संचालक मोहन ठाकुर के अनुसार, प्रधान आरक्षक तन्मय सिंह तोमर कथित रूप से नशे की हालत में दुकान पहुंचे और बिना भुगतान किए शराब की बोतल मांगी। जब सेल्समैन ने नियमानुसार मुफ्त में शराब देने से इनकार किया तो उन्होंने कथित तौर पर काउंटर के भीतर घुसकर सेल्समैन के साथ हाथापाई की और धमकी देते हुए वहां से चले गए।

घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मामले को लेकर द्वारकापुरी थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। संबंधित प्रधान आरक्षक की तलाश की जा रही है और पूछताछ के बाद पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इधर, दुकान संचालक मोहन ठाकुर ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की शिकायत कर दोषी प्रधान आरक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!