सावन में महाकाल की सवारी को लेकर बड़ा फैसला: हर सोमवार स्कूलों में रहेगा अवकाश, रविवार को लगेंगी कक्षाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन का निर्णय, शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // श्रावण-भादौ मास में भगवान श्री महाकालेश्वर की निकलने वाली पारंपरिक साप्ताहिक सवारी को देखते हुए उज्जैन जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए सवारी वाले प्रत्येक सोमवार को जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इसके बदले संबंधित विद्यालयों में रविवार को नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री ने बताया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को भगवान महाकाल के दर्शन और साप्ताहिक सवारी में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। शाम के समय निकलने वाली सवारी के दौरान शहर में यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों की सुविधा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
शिक्षा विभाग ने जिले के सभी विद्यालयों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी सूचित किया गया है कि श्रावण-भादौ मास के दौरान सवारी वाले प्रत्येक सोमवार को विद्यालय बंद रहेंगे, जबकि उनकी भरपाई के लिए रविवार को नियमित शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी, क्योंकि रविवार को कक्षाएं लगने से शैक्षणिक कार्य नियमित रूप से जारी रहेगा। साथ ही विद्यार्थियों और उनके परिजनों को भगवान महाकाल की दिव्य सवारी के दर्शन और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा। यह व्यवस्था 3 अगस्त से प्रारंभ होकर श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली भगवान महाकाल की सभी साप्ताहिक सवारियों तक प्रभावी रहेगी।



