रायपुर संभाग

तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर रवाना हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, आज राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात

बस्तर के पारंपरिक प्रतिनिधियों संग राष्ट्रपति भवन जाएंगे सीएम, पेपर लीक कानून पर प्रधानमंत्री का जताया आभार; राहुल गांधी के बयान पर भी दिया जवाब

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीन दिवसीय प्रवास पर बुधवार रात नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान गुरुवार को बस्तर के मांझी-चालकी सहित पारंपरिक जनजातीय प्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा समयानुसार अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी उनकी मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक नेतृत्व व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के उद्देश्य से यह मुलाकात महत्वपूर्ण होगी। प्रतिनिधिमंडल के साथ राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में भी वे शामिल होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वास्थ्य की जानकारी दी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सड़क दुर्घटना में घायल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के स्वास्थ्य को लेकर कहा कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें गुरुवार सुबह दिल्ली ले जाया जाएगा।

पेपर लीक कानून पर प्रधानमंत्री का जताया आभार

लोकसभा में पेपर लीक से संबंधित संशोधन विधेयक पारित होने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी। नए कानून के लागू होने के बाद पेपर लीक जैसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राहुल गांधी के बयान पर किया पलटवार

संसद में राहुल गांधी द्वारा दिए गए ‘अंध भक्त’ संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां उनके राजनीतिक स्तर को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि जनता स्वयं देख रही है कि कौन किस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!