रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे भारी बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट; रायपुर में जुलाई की बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड

पश्चिम बंगाल के गहरे अवदाब का असर, बचेली में 20 सेमी और रायपुर में 15 सेमी से अधिक वर्षा दर्ज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से सावन के पहले ही दिन छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान मूसलाधार वर्षा दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और कई नदी-नाले उफान पर आ गए। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, हालांकि कई क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।

पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक 20 सेंटीमीटर वर्षा बचेली में दर्ज की गई, जबकि रायपुर में 15 सेंटीमीटर से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। बस्तर, रायपुर, मध्य छत्तीसगढ़, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर रहे और जनजीवन प्रभावित हुआ।

रायपुर में टूटा जुलाई का बारिश रिकॉर्ड

लगातार हो रही बारिश के चलते रायपुर जिले में जुलाई महीने का नया रिकॉर्ड बन गया है। जिले में अब तक 59 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पूरे छत्तीसगढ़ में अब तक औसतन 59 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 12 प्रतिशत कम बताई गई है।

आगे कैसा रहेगा मौसम ?

मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ और उससे लगे अंदरूनी ओडिशा के ऊपर बना गहरा अवदाब आगे बढ़ते हुए पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से आने वाले समय में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की तीव्रता में कमी आने की संभावना है, लेकिन कुछ स्थानों पर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।

इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बताया है कि आज प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि दुर्ग संभाग और बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!