रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में पहली बार ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ , राष्ट्रपति मुर्मु करेंगी ‘बस्तर पंडुम-2026’ के विजेताओं का सम्मान

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज करेंगे महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस, जानिए दिनभर के प्रमुख कार्यक्रम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज का दिन पर्यावरण, जनजातीय संस्कृति और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण आयोजनों के नाम रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आज पहली बार ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली में ‘बस्तर पंडुम-2026’ के विजेताओं और बस्तर के पारंपरिक जनजातीय प्रतिनिधियों का सम्मान करेंगी। इधर, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी विभागीय उपलब्धियों और योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

पहली बार शुरू होगा ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित इस राज्यव्यापी पहल का शुभारंभ आज बालोद जिले से होगा। अभियान में महतारी वंदन योजना की लगभग 2.45 लाख हितग्राही महिलाएं भाग लेंगी। महिलाएं अपने घरों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य उपयुक्त सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण करेंगी। पौधारोपण के बाद सेल्फी पोर्टल पर अपलोड करने वाली हितग्राहियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

राष्ट्रपति मुर्मु करेंगी ‘बस्तर पंडुम-2026’ के विजेताओं का सम्मान

आज बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक नेतृत्व व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सम्मान मिलेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में ‘बस्तर पंडुम-2026’ के विजेताओं तथा बस्तर के पारंपरिक प्रतिनिधियों का सम्मान करेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, परगना मांझी, मांझी, चालकी तथा पद्मश्री से सम्मानित विभूतियां भी शामिल रहेंगी। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन में विशेष सम्मान समारोह और भोज का आयोजन भी किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री आज करेंगे महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज दोपहर 1 बजे नया रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में मीडिया से रू-ब-रू होंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!