रायपुर संभाग

20 सितंबर तक चलेगा भाजयुमो का सदस्यता अभियान, डेढ़ से 2 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य

7 दिनों में 18 हजार से अधिक युवा बने सदस्य, दंतेवाड़ा से हुई अभियान की शुरुआत

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का सदस्यता अभियान प्रदेशभर में लगातार जारी है। प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने बताया कि 23 जुलाई से शुरू हुआ यह अभियान 20 सितंबर तक चलेगा। अभियान के तहत डेढ़ लाख से 2 लाख युवाओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रेसवार्ता में राहुल टिकरिहा ने बताया कि लगभग आठ वर्ष बाद सदस्यता अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसे युवाओं का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के पहले सात दिनों में ही 18 हजार से अधिक युवा भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़ चुके हैं। विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के युवाओं ने बड़ी संख्या में सदस्यता ग्रहण की है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व और राज्य सरकार के सुशासन के संकल्प के अनुरूप नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में भी संगठन को मजबूत करने की दिशा में अभियान चलाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से सदस्यता अभियान की शुरुआत दंतेवाड़ा से की गई। बस्तर के कई नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को अभियान के लिए विशेष रूप से चिन्हित किया गया है।

राहुल टिकरिहा ने कहा कि इस बार सदस्यता प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क और डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक युवा आसानी से संगठन से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि अगस्त के पहले सप्ताह से सरगुजा संभाग के सभी जिलों में भी अभियान को तेज गति से संचालित करने की योजना है।

भाजयुमो का कहना है कि सदस्यता अभियान के माध्यम से युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को संगठन की विचारधारा और गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!