रायपुर संभाग

बारिश का कहर: 3 हजार एकड़ फसल जलमग्न, कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात, स्कूल जाने में भी परेशानी

लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, किसानों ने फसल सर्वे और मुआवजे की मांग उठाई

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उडेना सहित कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारी वर्षा के कारण करीब तीन हजार एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों, सड़कों और पुलियाओं पर पानी भर जाने से ग्रामीणों की आवाजाही भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।

उडेना मार्ग सहित कई स्थानों पर सड़कें, खेत और पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। कई जगह तेज बहाव के कारण रास्ता पार करना जोखिम भरा हो गया है। इसके बावजूद ग्रामीण अपनी दैनिक जरूरतों और आवश्यक कार्यों के लिए जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से आने-जाने को मजबूर हैं।

जलभराव से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित

लगातार बारिश के कारण कई ग्रामीण बस्तियों में पानी घुस गया है। लोगों को अपने घरों से पानी निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। जलभराव का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ा है। कई मार्गों पर पानी भर जाने से विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

कई गांवों की फसलें पानी में डूबी, किसानों ने मांगा मुआवजा

उडेना के अलावा झरिया, नवापारा, देवरी, दोनर, सेमरा और गगरा सहित आसपास के कई गांवों में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। खेतों में पानी भर जाने से लगभग तीन हजार एकड़ फसल प्रभावित हुई है। किसानों ने प्रशासन से फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

प्रशासन ने जारी की सतर्कता की अपील

लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कलेक्टर ने नागरिकों से रपटों, पुल-पुलियाओं और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने तथा किसी भी परिस्थिति में जोखिम उठाकर पानी पार नहीं करने की सलाह दी है।

फिलहाल जिले में वर्षा का सिलसिला जारी है। यदि आने वाले दिनों में बारिश इसी तरह होती रही तो प्रभावित क्षेत्रों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ फसल नुकसान का आकलन कर शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की बड़ी चुनौती होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!