व्यापार

शेयर बाजार में सपाट कारोबार: बैंकिंग और रियल्टी शेयरों पर दबाव, ऑटो-आईटी सेक्टर में खरीदारी

सेंसेक्स 77,650 और निफ्टी 24,200 के आसपास कारोबार, दो नए आईपीओ आज से खुले

बिजनेस डेस्क ( शिखर दर्शन ) // घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को सपाट कारोबार देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 77,650 और निफ्टी 24,200 के स्तर के आसपास कारोबार करते नजर आए। सेक्टोरल इंडेक्स में ऑटो और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र के शेयरों में खरीदारी रही, जबकि बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर के शेयर बिकवाली के दबाव में रहे।

इसी बीच निवेशकों के लिए आज से दो नए आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) भी खुल गए हैं। एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स और जुनिपर ग्रीन एनर्जी के आईपीओ में 3 अगस्त तक निवेश किया जा सकेगा। एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स अपने आईपीओ के माध्यम से 290 करोड़ रुपये, जबकि जुनिपर ग्रीन एनर्जी 1,800 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख

एशियाई शेयर बाजारों में गुरुवार को मिश्रित कारोबार देखने को मिला। जापान का निक्केई 784 अंक (1.28 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 62,218 पर कारोबार कर रहा था। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 34 अंक (0.41 प्रतिशत) चढ़कर 5,687 पर पहुंच गया। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग 49 अंक (0.39 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 25,759 पर कारोबार करता नजर आया।

अमेरिकी बाजार में रही थी बड़ी गिरावट

बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली थी। डाउ जोंस 1,153 अंक (2.19 प्रतिशत) टूटकर 51,594 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक 434 अंक (1.74 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 24,443 और एसएंडपी 500 113 अंक (1.52 प्रतिशत) फिसलकर 7,316 के स्तर पर बंद हुआ।

घरेलू निवेशकों की खरीदारी जारी

ताजा आंकड़ों के अनुसार, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने गुरुवार को 1,664 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। पिछले सात कारोबारी दिनों में उन्होंने 12,394 करोड़ रुपये तथा पिछले 30 दिनों में 40,547 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं।

वहीं विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई/एफपीआई) ने गुरुवार को 755 करोड़ रुपये की खरीदारी की, लेकिन पिछले सात दिनों में 7,825 करोड़ रुपये और पिछले 30 दिनों में 15,219 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की है।

एक दिन पहले बाजार में रही थी शानदार तेजी

इससे पहले बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 889 अंक की बढ़त के साथ 77,655 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 265 अंक चढ़कर 24,250 के स्तर पर बंद हुआ था। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों के आधार पर आने वाले कारोबारी सत्रों में बाजार की दिशा तय होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!