VSK ऐप की तकनीकी खामियां 15 अगस्त तक होंगी दूर, किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा : शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव

शिक्षा मंत्री का बड़ा आश्वासन, तकनीकी दिक्कतों के कारण शिक्षकों के हित प्रभावित नहीं होंगे
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने वीएसके (VSK) ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर प्रदेश के शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐप में आने वाली तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। राज्य सरकार ने शिक्षकों और शिक्षक संगठनों की शिकायतों को गंभीरता से लिया है तथा तकनीकी टीम को सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य 15 अगस्त तक वीएसके ऐप में आ रही सभी तकनीकी खामियों का निराकरण कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाना है, ताकि शिक्षक बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और तकनीकी कारणों से किसी का भी अहित नहीं होने दिया जाएगा।
गजेंद्र यादव ने प्रदेश के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से करीब डेढ़ लाख शिक्षक प्रतिदिन वीएसके ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह लगभग 85 प्रतिशत शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है, जो नई तकनीक को अपनाकर शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक बनाने में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षण कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार उनके अनुशासन, समर्पण और सहयोग का सम्मान करती है। शिक्षकों से प्राप्त सुझावों और अनुभवों के आधार पर वीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी तथा प्रभावी बनाया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में परेशानी आती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और उसे किसी प्रकार का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।
उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की तरह वीएसके ऐप का उपयोग जारी रखें तथा यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव हो तो संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं। सरकार प्रत्येक सुझाव पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक सुधार करेगी, जिससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा तकनीक-सक्षम बन सके।



