बिलासपुर संभाग

समरसता का संदेश लेकर बिलासपुर पहुंचा संत गुरु रविदास जन्मस्थली का पावन कलश, श्रद्धा और भक्ति से हुआ भव्य स्वागत

650वीं जयंती वर्ष पर देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान के तहत निकली कलश यात्रा, गुरु रविदास के समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के पावन अवसर पर देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पावन मिट्टी से भरे कलश का गुरुवार को बिलासपुर आगमन हुआ। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समाज के गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक (पुराना बस स्टैंड) में कलश का भव्य स्वागत किया।

इसके बाद पवित्र कलश यात्रा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक से करबला रोड होते हुए संत रविदास चौक स्थित संत रविदास मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से कलश की स्थापना की गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और ‘जय गुरु रविदास’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने संत गुरु रविदास महाराज के बताए समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानव सेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और शिक्षाओं से समाज को समानता, भाईचारे, प्रेम और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने जाति-पांति और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त कर समरस समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरा यह कलश केवल श्रद्धा का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना का भी संदेशवाहक है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने संत गुरु रविदास महाराज के आदर्शों पर चलने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और समान अवसर पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, प्रकाश सूर्या, दुर्गेश पाण्डेय, वैभव गुप्ता, तुलसी बघेल, देवेन्द्र पाठक, श्रीकांत सहारे, दीपक साहू, गणेश रजक, दिनेश देवांगन, योगेश बोले, शेखर पाल, महर्षि बाजपेयी, देवेश खत्री, राज कश्यप, साहिल कश्यप, योगेश देवांगन, अमर सिंह, स्वर्णिम तिवारी, शुभम यादव, अमन सोनी, आनंद तिवारी, आशीष गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, संत समाज एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!