महाराष्ट्र

पातालगंगा नदी में बहे तीन हजार गैस सिलेंडर, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट, लोगों से छूने से भी बचने की अपील

रायगढ़, महाराष्ट्र ( शिखर दर्शन ) // महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से करीब तीन हजार भरे और खाली गैस सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने लोगों के लिए चेतावनी जारी करते हुए सिलेंडरों से दूर रहने और तत्काल सूचना देने की अपील की है।

भारी बारिश से प्लांट में हुआ जलभराव

लगातार बारिश के कारण एचपीसीएल के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट परिसर में भारी जलभराव हो गया। पानी का स्तर तेजी से बढ़ने से प्लांट में रखे करीब तीन हजार गैस सिलेंडर तेज बहाव में नदी में बह गए। इनमें भरे हुए और खाली दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल बताए जा रहे हैं।

वीडियो वायरल, ग्रामीणों में दहशत

नदी में बहते सिलेंडरों का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो सामने आने के बाद नदी किनारे बसे गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि किसी कारण सिलेंडरों में विस्फोट हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सिलेंडर ले जाने वालों को पुलिस ने रोका

घटना के बाद कुछ लोग नदी में बहकर आए खाली सिलेंडरों को अपने वाहनों पर ले जाने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और एचपीसीएल के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को ऐसा करने से रोका और सिलेंडरों को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की।

कलेक्टर ने जारी की सख्त चेतावनी

रायगढ़ के जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेंडर दिखाई दें तो उन्हें हाथ न लगाएं और न ही अपने पास रखें। उन्होंने कहा कि सिलेंडरों में गैस हो सकती है या वे सुरक्षित स्थिति में नहीं हो सकते। ऐसे सिलेंडरों की जानकारी तुरंत संबंधित तहसील कार्यालय, प्रशासन या एचपीसीएल के अधिकृत डीलर को दें, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से हटाया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!