राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे और सीए डे पर चिकित्सकों व चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान

कैट बिलासपुर ने डॉक्टरों को बताया मानवता का रक्षक, सीए को देश की अर्थव्यवस्था और व्यापार का मजबूत स्तंभ
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) बिलासपुर इकाई ने राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे और राष्ट्रीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर दो अलग-अलग सम्मान समारोह आयोजित कर चिकित्सकों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के योगदान को सम्मानित किया। कैट पदाधिकारियों ने उनके कार्यस्थलों पर पहुंचकर शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट किए तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य प्रहरियों का सम्मान
राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी, राष्ट्रीय सचिव राजू सलूजा, जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह, कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल तथा संगठन महामंत्री परमजीत उबेजा ने शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों से उनके अस्पताल और क्लीनिक में मुलाकात कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रमोद जायसवाल, डॉ. श्रीकांत गिरी, डॉ. प्रशांत द्विवेदी, डॉ. अविजित रॉयजादा, डॉ. आरिफ असलम, डॉ. मेघा तिवारी तथा डॉ. आशुतोष तिवारी का सम्मान किया गया।
कैट पदाधिकारियों ने कहा कि चिकित्सक समाज के वास्तविक रक्षक हैं, जिन्होंने कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थितियों में भी मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। व्यापारिक समाज उनके योगदान का सदैव सम्मान करता रहेगा। सम्मानित चिकित्सकों ने भी इस पहल के लिए कैट का आभार व्यक्त किया।

चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे पर आर्थिक विकास में योगदान को मिला सम्मान
राष्ट्रीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर कैट बिलासपुर ने शहर के वरिष्ठ एवं युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का भी सम्मान किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी, राष्ट्रीय सचिव राजू सलूजा, जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह, कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल, संजय मित्तल, संगठन महामंत्री परमजीत उबेजा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान सीए एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश पांडेय, सीए सुरेंद्र अग्रवाल, सीए कपिल सचदेव, सीए मीनल डे सहित अन्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
व्यापार और अर्थव्यवस्था के मजबूत स्तंभ हैं सीए
कैट पदाधिकारियों ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स केवल कर और लेखांकन विशेषज्ञ ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और व्यापारिक व्यवस्था के मजबूत स्तंभ हैं। जीएसटी, आयकर नियोजन, वित्तीय अनुशासन और व्यापार विस्तार जैसे क्षेत्रों में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स व्यापारियों के सबसे विश्वसनीय वित्तीय मार्गदर्शक हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी जिम्मेदारी लगातार बढ़ रही है। सम्मानित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने भी कहा कि व्यापारी और सीए एक-दूसरे के पूरक हैं तथा व्यापार की मजबूती ही देश की आर्थिक प्रगति का आधार है।






