बिलासपुर संभाग

कूलर में उतरे करंट ने छीनी मासूम की जिंदगी

खेलते-खेलते करंट की चपेट में आया 10 माह का बच्चा, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

कटघोरा (कोरबा) ( शिखर दर्शन ) // कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 10 माह के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान जटगा मोड़ (कसनिया) निवासी अमर सिंह के इकलौते पुत्र दक्ष के रूप में हुई है।

खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मासूम दक्ष घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह कूलर के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

अस्पताल में तोड़ा दम

अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। देर रात लगभग 12 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!