Blog

अस्पताल में शराब के नशे में ड्यूटी करता मिला डॉक्टर, मरीज के परिजनों से दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल

केशकाल अस्पताल में डॉक्टर पर इलाज से इंकार और बदसलूकी के आरोप, शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी, स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में

कोंडागांव ( शिखर दर्शन ) // जिले के केशकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एक डॉक्टर का कथित तौर पर शराब के नशे में ड्यूटी करने और मरीज के परिजनों से दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में मरीज के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, वहीं स्वास्थ्य विभाग भी विभागीय कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।

इलाज कराने पहुंचे मरीज के परिजनों से विवाद

जानकारी के अनुसार, मरीज के बेटे वसीम मेमन अपने बीमार पिता का उपचार कराने सुबह केशकाल अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर शैलेंद्र भोयर शराब के नशे में थे और मरीज का इलाज करने से इंकार कर रहे थे। जब परिजनों ने इलाज करने का आग्रह किया तो डॉक्टर कथित तौर पर भड़क गए और अभद्र व्यवहार करते हुए हाथ उठाने का प्रयास किया।

पत्रकारों के साथ भी कथित हाथापाई की कोशिश

घटना के बाद परिजनों ने इसकी जानकारी स्थानीय पत्रकारों और केशकाल बीएमओ को दी। बताया जा रहा है कि जब पत्रकार अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी लेने लगे तो डॉक्टर ने उनके साथ भी कैमरे के सामने कथित रूप से हाथापाई करने का प्रयास किया। इसके बाद पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

स्टाफ नर्स ने लगाए गंभीर आरोप

अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स कांति मंडावी ने भी डॉक्टर के व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि डॉक्टर भोयर अक्सर शराब के नशे में अस्पताल पहुंचते हैं। कई बार उन्हें समझाने और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं आया। नर्स के अनुसार, इससे पहले भी मरीजों और उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।

पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें

केशकाल बीएमओ डॉ. डीके बिसेन ने बताया कि डॉक्टर भोयर के खिलाफ पूर्व में भी शराब के नशे में ड्यूटी करने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इस संबंध में उन्हें नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ताजा घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई की तैयारी

मरीज के परिजनों द्वारा लिखित शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!