जमीन विवाद बना मौत की वजह: बेमेतरा में ग्रामीण की हत्या, सूरजपुर में भाई ने भाई की ली जान

छत्तीसगढ़ में जमीन को लेकर दो खूनी वारदातें, पुलिस जांच में जुटी
बेमेतरा/सूरजपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में जमीन विवाद ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। बेमेतरा और सूरजपुर जिलों में जमीन को लेकर हुए विवाद में दो लोगों की हत्या कर दी गई। एक मामले में ग्रामीण की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे मामले में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
बेमेतरा में लाठी से हमला, ग्रामीण की मौके पर मौत
बेमेतरा जिले के मुरकुटा गांव में रहने वाले विद्यासागर नवरंग का गांव के ही गैदलाल नवरंग के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह विद्यासागर घर से निकला था, तभी आरोपी ने उस पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर नवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
सूरजपुर में जमीन के झगड़े में भाई बना कातिल
सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र के करकोटी गांव में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बड़े भाई को हिरासत में ले लिया।
दोनों मामलों में पुलिस कर रही जांच
दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले में आरोपी की तलाश जारी है, जबकि दूसरे मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जमीन विवादों को लेकर बढ़ती हिंसा पर चिंता बढ़ा दी है।


