नौतपा के बीच बदला मौसम : बस्तर में बारिश से मिली राहत, गरियाबंद में बिजली गिरने से युवक की मौत

जगदलपुर और मनेन्द्रगढ़ में आंधी-बारिश से बदला मौसम, कई दिनों बाद गर्मी से राहत
जगदलपुर/गरियाबंद ( शिखर दर्शन ) // नौतपा की भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को बस्तर संभाग का मौसम अचानक बदल गया। जगदलपुर समेत कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दिलाई। वहीं गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक देवभोग थाना क्षेत्र के माहुलकोट गांव निवासी 34 वर्षीय चितानंद भोई पेड़ के नीचे बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण युवक को देवभोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इधर, पिछले कई दिनों से बस्तर संभाग में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित हो रहा था। गुरुवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मनेन्द्रगढ़ में भी बदला मौसम
मनेन्द्रगढ़ इलाके में भी शाम के समय तेज आंधी-तूफान और झमाझम बारिश हुई। दोपहर तक लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान थे, लेकिन मौसम बदलने के बाद वातावरण सुहावना हो गया। लगातार बढ़ते तापमान और लू से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली।

