छत्तीसगढ़

शिक्षा सुधार या अधिकारों का अतिक्रमण ? ग्रीष्मकालीन अवकाश पर बढ़ता प्रशासनिक दबाव

रिजल्ट सुधार अभियान के बहाने शिक्षकों की छुट्टियों पर संकट, प्रशासनिक सीमाओं और सेवा अधिकारों पर उठे बड़े सवाल

बिलासपुर / रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था इन दिनों केवल पढ़ाई और परीक्षा परिणाम तक सीमित मुद्दा नहीं रह गई है, बल्कि यह प्रशासनिक अधिकारों, सेवा नियमों और शिक्षकों के अधिकारों के बीच संतुलन की बड़ी बहस बनती जा रही है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों के बाद कई जिलों में “रिजल्ट सुधार अभियान” के नाम पर शिक्षकों को ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी स्कूल बुलाने की चर्चाएं तेज हैं। कहीं रिमेडियल क्लास की तैयारी है, तो कहीं कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कोचिंग चलाने की योजना बनाई जा रही है।

शिक्षा सुधार की चिंता या दबाव की नई व्यवस्था ?

जिला प्रशासन का तर्क साफ है — परीक्षा परिणाम बेहतर होना चाहिए, कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग मिलना चाहिए और सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता में सुधार आना चाहिए। पहली नजर में यह पहल सकारात्मक दिखाई देती है। लेकिन इसी के साथ एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है कि क्या शिक्षा सुधार के नाम पर शिक्षकों के वैधानिक अवकाश को व्यवहारिक रूप से समाप्त किया जा सकता है ?

सूत्रों के अनुसार कई जिलों में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर मौखिक निर्देश दिए जा रहे हैं। औपचारिक रूप से अवकाश समाप्त नहीं किया गया, लेकिन “विशेष अध्ययन”, “रिजल्ट सुधार” और “रिमेडियल क्लास” जैसे शब्दों के जरिए ऐसी परिस्थितियां बनाई जा रही हैं, जहां शिक्षकों के लिए छुट्टियां केवल कागजों तक सीमित होकर रह जाएं।

शासन का आदेश बनाम जिला प्रशासन की सक्रियता

स्कूल शिक्षा विभाग ने 22 सितंबर 2025 को जारी आदेश में 1 मई से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया था। बाद में भीषण गर्मी और लू को देखते हुए विद्यार्थियों के लिए छुट्टियां 20 अप्रैल से लागू कर दी गईं, हालांकि शिक्षकों के लिए पूर्व व्यवस्था बरकरार रखी गई।

अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि अवकाश शासन स्तर पर और राज्यपाल के नाम से घोषित है, तो क्या जिला स्तर पर प्रशासनिक आदेशों और दबाव के जरिए उसकी मूल भावना को बदला जा सकता है ? यही वह बिंदु है, जहां से विवाद गहराता दिखाई दे रहा है।

शिक्षक सिर्फ “क्लासरूम कर्मचारी” नहीं

शिक्षकों का पक्ष भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। आज एक शिक्षक का काम केवल बच्चों को पढ़ाने तक सीमित नहीं रह गया है। परीक्षा ड्यूटी, मूल्यांकन, पोर्टल अपडेट, प्रशिक्षण, चुनाव कार्य, सर्वेक्षण, विभागीय बैठकें और प्रशासनिक जिम्मेदारियां पूरे साल उनके हिस्से में आती हैं।

ऐसी स्थिति में ग्रीष्मकालीन अवकाश ही वह समय होता है, जब शिक्षक अपने परिवार, निजी जीवन और मानसिक संतुलन के लिए समय निकाल पाते हैं। कई शिक्षक गांव जाते हैं, पारिवारिक दायित्व निभाते हैं या पूरे वर्ष के लगातार कार्य के बाद विश्राम कर पाते हैं। यही कारण है कि शिक्षा व्यवस्था में लंबे समय से सामूहिक ग्रीष्मकालीन अवकाश की परंपरा बनी हुई है।

जिला शिक्षा अधिकारी क्यों साध लेते हैं मौन ?

पूरे मामले में सबसे दिलचस्प और गंभीर पहलू जिला शिक्षा अधिकारियों की भूमिका को लेकर सामने आ रहा है। विभागीय अधिकारी नियमों और सेवा शर्तों की जानकारी होने के बावजूद प्रशासनिक दबाव के सामने खुलकर बोलने से बचते दिखाई देते हैं। कई बार विभागीय सहमति “व्यवस्था बनाए रखने” का माध्यम बन जाती है, लेकिन यही मौन धीरे-धीरे शिक्षकों के भीतर असंतोष पैदा करता है।

कानूनी बहस भी हो सकती है तेज

प्रशासनिक व्यवस्था में जिला कलेक्टर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। उन्हें समीक्षा, निगरानी और सुधारात्मक निर्देश देने का अधिकार भी है। लेकिन यदि किसी घोषित अवकाश अवधि में नियमित उपस्थिति, अनुपस्थिति पर कार्रवाई और स्कूल संचालन जैसी स्थिति बनने लगे, तो यह केवल प्रशासनिक पहल नहीं रह जाती, बल्कि सेवा नियमों और अधिकारों की बहस का विषय बन सकती है।

विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि अवकाश अवधि में शिक्षकों से नियमित कार्य लिया जाता है, तो प्रतिपूरक लाभ, अर्जित अवकाश और भविष्य में उसके नकदीकरण जैसे मुद्दे भी सामने आ सकते हैं। यानी आज लिया गया प्रशासनिक निर्णय आगे चलकर शासन पर आर्थिक बोझ भी बन सकता है।

असली सवाल — शिक्षा सुधार का मॉडल कैसा हो ?

पूरे विवाद का केंद्र केवल छुट्टियां नहीं हैं। असली सवाल यह है कि क्या शिक्षा सुधार केवल अतिरिक्त दबाव से संभव है, या फिर संतुलित और संवेदनशील नीति से? बच्चों के बेहतर परिणाम जरूरी हैं, लेकिन उतना ही जरूरी शिक्षक का मानसिक संतुलन, कार्य संतुष्टि और सेवा अधिकार भी हैं।

लोकतांत्रिक व्यवस्था में सुधार आवश्यक है, लेकिन सुधार तभी टिकाऊ बनता है जब वह नियमों, संवेदनशीलता और संतुलन के भीतर रहकर किया जाए। क्योंकि शिक्षा व्यवस्था केवल आदेशों से नहीं, बल्कि विश्वास और सहयोग से चलती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!