रायपुर संभाग

सुशासन तिहार पर सीएम साय की मैराथन समीक्षा, निजी स्कूलों पर सख्ती से लेकर ई-रिक्शा पंजीयन तक कई बड़े फैसले

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जहां सुशासन तिहार-2026 के तहत जनसमस्याओं की समीक्षा करेंगे, वहीं दूसरी ओर निजी स्कूलों की मनमानी, राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था और खेल जगत से जुड़ी बड़ी खबरें भी सामने आई हैं। प्रदेश में आज शिक्षा, परिवहन, खेल और रेलवे से जुड़े कई अहम फैसलों पर नजर रहेगी।

सुशासन तिहार में सीएम साय करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुशासन तिहार-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रमों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे जन समस्या निवारण शिविर में पहुंचकर आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे और शिकायतों के निराकरण की स्थिति का जायजा लेंगे।

मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अधिकारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक भी करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित शिकायतों और उनके समाधान की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों को निर्देश देंगे कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

गर्मी की छुट्टियों में स्कूल खोलने वालों पर कार्रवाई

भीषण गर्मी के बीच ग्रीष्मकालीन अवकाश में स्कूल संचालित करने वाले निजी शिक्षण संस्थानों पर अब शिक्षा विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और संभागीय संयुक्त संचालकों को ऐसे स्कूलों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

राज्य शासन ने 20 अप्रैल से 15 जून तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया है। इसके बावजूद कई निजी स्कूलों में नियमित कक्षाएं संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। हाई कोर्ट द्वारा भी इस पर चिंता जताए जाने के बाद विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

राजधानी में ई-रिक्शा पंजीयन अभियान शुरू

रायपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए विशेष ऑनलाइन पंजीयन अभियान शुरू किया गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अभियान का शुभारंभ किया।

अब ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को अगले 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। इसमें चालक और वाहन मालिक का नाम, पता, मोबाइल नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी जानकारियां दर्ज की जाएंगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 5 जून के बाद बिना पंजीयन के संचालित होने वाले ई-रिक्शा और ऑटो पर कार्रवाई की जाएगी।

सऊदी ग्रैंड प्रिक्स में चमका छत्तीसगढ़ का सितारा

छत्तीसगढ़ के युवा धावक अनिमेष कुजुर ने सऊदी ग्रैंड प्रिक्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

अनिमेष ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 100 मीटर स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। वे पहले से ही 100 और 200 मीटर दौड़ के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक हैं। उनकी उपलब्धि के बाद प्रदेशभर में खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में बढ़ेगी यात्रियों की सुविधा

रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कोरबा-अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से अतिरिक्त एसी-3 कोच जोड़ने का फैसला किया है।

रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में 21 से 24 मई और 26 से 29 मई तक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। वहीं अमृतसर-बिलासपुर एक्सप्रेस में यह सुविधा 23 से 26 मई और 28 से 31 मई तक उपलब्ध रहेगी।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इससे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!