रायपुर संभाग

रायपुर एयरपोर्ट में दर्दनाक हादसा: 30 फीट ऊंचाई से गिरा इलेक्ट्रीशियन, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सीलिंग रिपेयरिंग के दौरान बिगड़ा संतुलन, एयरपोर्ट परिसर में मचा हड़कंप

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एयरपोर्ट टर्मिनल के वेटिंग हॉल में रिपेयरिंग कार्य के दौरान एक इलेक्ट्रीशियन करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप की स्थिति बन गई।

वेटिंग हॉल में चल रहा था मेंटेनेंस कार्य

जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में सीलिंग रिपेयरिंग और मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इसी दौरान इलेक्ट्रीशियन ऊंचाई पर चढ़कर कार्य कर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गिरने की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों और यात्रियों में दहशत फैल गई।

गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया

हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ ने घायल कर्मचारी को उठाकर माना स्थित अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

सुरक्षा उपकरण नहीं होने का आरोप

घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित ठेकेदार पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कर्मचारी बिना सेफ्टी बेल्ट और पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम कर रहा था। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

माना थाना सीएसपी लंबोधर पटेल ने बताया कि एयरपोर्ट टर्मिनल में मेंटेनेंस कार्य के दौरान कर्मचारी गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने दी सफाई

एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से जारी जानकारी में कहा गया कि कर्मचारी मेंटेनेंस कार्य के दौरान घायल हुआ था, जिसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!