सोशल मीडिया स्टार पलक रजक की ” मौत ” का मामला: पति, देवर और सास पर FIR दर्ज , पोस्टमार्टम में फांसी से मौत की पुष्टि

‘इंस्टाग्राम क्वीन’ की संदिग्ध मौत ने खड़े किए कई सवाल
मौत से 20 मिनट पहले पिता को किया था फोन, सोशल मीडिया पोस्ट्स ने बढ़ाए सवाल
ग्वालियर ( शिखर दर्शन ) // सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ के नाम से चर्चित 21 वर्षीय पलक रजक की संदिग्ध मौत ने ग्वालियर को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगने से दम घुटना बताई गई है, लेकिन परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुरार थाना पुलिस ने पति, देवर और सास के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मुरार थाना क्षेत्र के सुरैयापुरा स्थित ससुराल में 12 मई की शाम पलक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। महज 21 साल की उम्र में हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिलने की बात सामने आई है। हालांकि परिजनों का दावा है कि पलक मानसिक और पारिवारिक प्रताड़ना से गुजर रही थी।
“कार और सोने की चेन” की मांग का आरोप
पलक के पिता राधेश्याम रजक और भाई प्रिंस रजक ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि ससुराल पक्ष द्वारा कार और सोने की चेन की मांग की जा रही थी। आरोप है कि सास और देवर मानसिक दबाव बनाते थे, जबकि पति अमित ने कभी उसका साथ नहीं दिया।
परिजनों के मुताबिक, मौत से करीब 20 मिनट पहले पलक ने अपने पिता को फोन कर अपनी परेशानी और मानसिक पीड़ा साझा की थी। भाई प्रिंस उसे लेने जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की सूचना मिल गई।
सोशल मीडिया रील्स भी जांच के दायरे में
पलक सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी और इंस्टाग्राम पर उसकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। जांच के दौरान पुलिस को उसकी प्रोफाइल से कई ऐसी रील्स मिली हैं, जो मानसिक तनाव और अवसाद की ओर इशारा कर रही हैं।
10 मई को पोस्ट की गई एक रील में उसने Panic Attack, Anxiety, Sleepless Nights, Continuous Crying और Depression जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। वहीं 24 अप्रैल को मैरिज एनिवर्सरी पर साझा की गई रील में भी रिश्तों में दर्द और टूटन के संकेत दिखाई दिए थे। पुलिस अब इन पोस्ट्स को तकनीकी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल कर रही है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, कई एंगल पर जांच जारी
मामले में CSP अतुल सोनी ने बताया कि शुरुआत में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर अब पति अमित, देवर आकाश और सास मीरा देवी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
पुलिस कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया एक्टिविटी की जांच कर रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि पलक रजक की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश छिपी है। इसका जवाब अब पुलिस जांच और तकनीकी साक्ष्यों के बाद ही सामने आएगा।



