भीषण गर्मी के बीच पीएम मोदी की देशवासियों से अपील

सावधानी बरतें, खूब पानी पिएं और जरूरतमंदों की मदद करें : प्रधानमंत्री
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // देश के कई हिस्सों में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा कि गर्मी को हल्के में न लें और स्वयं को हाइड्रेटेड रखें।
बढ़ते तापमान से जनजीवन प्रभावित
देशभर में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है। कई राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। नौतपा शुरू होने के बाद सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। बढ़ती गर्मी का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है।
पीएम मोदी ने लोगों से की खास अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से बाहर निकलते समय अपने साथ पानी रखने और जरूरतमंदों को भी पानी पिलाने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा, “अगर संभव हो तो प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर पिलाएं।” उन्होंने लोगों से अपने आसपास के लोगों की मदद करने और मानवता का परिचय देने की भी बात कही।
हीटस्ट्रोक के लक्षणों को नजरअंदाज न करें
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तेज गर्मी के कारण चक्कर आना, मतली, अत्यधिक थकान या कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती है या बेहोशी महसूस होती है तो उसे तुरंत पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ देना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर ध्यान नहीं देने पर यह स्थिति हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या में बदल सकती है।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस भीषण गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। उन्होंने लोगों से अपने परिवार के बुजुर्ग सदस्यों और पड़ोसियों का हालचाल पूछने की अपील की।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने लोगों से घरों, बालकनियों, छतों और दुकानों के बाहर पक्षियों और जरूरतमंदों के लिए पानी के बर्तन रखने का भी आग्रह किया।
सतर्कता से बच सकती है जान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस कठिन मौसम में लोगों की छोटी-छोटी सावधानियां और संवेदनशीलता किसी की जान बचा सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे खुद सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें



