तपती धरती पर CM साय की संवेदना: “खुद भी बचें, दूसरों को भी बचाएं”

सतर्कता बरतें, जरूरतमंदों का सहारा बनें और पशु-पक्षियों के प्रति भी निभाएं जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेशवासियों से सतर्कता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ इस चुनौतीपूर्ण समय का सामना करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास के लोगों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।
पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह
मुख्यमंत्री साय ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने तथा अनावश्यक रूप से तेज धूप में जाने से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी स्वयं और परिवार को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि संभव हो तो घर, दुकान, कार्यालय अथवा सार्वजनिक स्थानों के आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था अवश्य की जाए। उन्होंने कहा कि संवेदना का यह छोटा प्रयास किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए राहत और संबल बन सकता है।
बच्चों, बुजुर्गों और श्रमिकों का रखें विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिक साथियों तथा खुले में कार्य करने वाले लोगों का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखाई दे तो उसे तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर ले जाकर पानी, ओआरएस अथवा अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराए जाएं और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता भी सुनिश्चित की जाए।
पशु-पक्षियों के लिए भी रखें पानी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील होने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि घर, आंगन, छत, दुकान अथवा आसपास पानी का एक छोटा पात्र रखने जैसी छोटी पहल इस भीषण गर्मी में किसी जीव के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है।
सेवा और संवेदना की भावना मजबूत करने का समय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह समय सेवा, संवेदना, सजगता और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी एक-दूसरे का संबल बनें और मानवता के इस दायित्व को मिलकर निभाएं।



