पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाना पड़ा भारी! दुकानदार को विदेशों से मिल रहीं जान से मारने की धमकियां

पाकिस्तान-बांग्लादेश नंबरों से कॉल आने का दावा, दहशत में पूरा परिवार
सोशल मीडिया पर लोकप्रियता बनी परेशानी, परिवार ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
झाड़ग्राम ( शिखर दर्शन ) // पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाकर सुर्खियों में आए दुकानदार बिक्रम साऊ अब जान से मारने की धमकियों से दहशत में हैं। बिक्रम साऊ ने आरोप लगाया है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार फोन और व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर धमकियां दी जा रही हैं। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद परिवार भय और तनाव के माहौल में जी रहा है।
दरअसल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झाड़ग्राम पहुंचे थे। चुनावी सभा के बाद लौटते समय उनका काफिला अचानक सड़क किनारे स्थित बिक्रम साऊ की झालमुड़ी दुकान पर रुका था। पीएम मोदी ने वहां झालमुड़ी खाई और दुकानदार से बातचीत भी की थी। इस घटना के बाद बिक्रम साऊ रातों-रात सोशल मीडिया पर चर्चित चेहरा बन गए थे।
वायरल तस्वीरों के बाद बढ़ी पहचान, अब मिल रहीं धमकियां
बिक्रम साऊ का कहना है कि लोकप्रियता मिलने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग उनकी दुकान तक पहुंचने लगे। लेकिन पिछले कुछ दिनों से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार कॉल आने शुरू हो गए, जिनमें उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि कई कॉल्स पाकिस्तान और बांग्लादेश के नंबरों से आए हैं। कुछ कॉल्स व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए भी किए गए। धमकियों के बाद परिवार बेहद डरा हुआ है और पुलिस से सुरक्षा की मांग की गई है।
चुनाव में ‘झालमुड़ी’ बनी थी राजनीतिक चर्चा का विषय
19 अप्रैल को हुई इस घटना के बाद बंगाल की राजनीति में ‘झालमुड़ी’ भी चर्चा का विषय बन गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे चुनाव प्रचार का प्रतीक बना दिया था। वहीं पीएम मोदी के अचानक एक सामान्य दुकानदार की दुकान पर रुकने और उससे संवाद करने की तस्वीरें पूरे देश में चर्चा में रही थीं।
अब वही लोकप्रियता बिक्रम साऊ और उनके परिवार के लिए चिंता का कारण बन गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



