राष्ट्रीय

शपथ से पहले शुभेंदु अधिकारी के साथ पीएम मोदी का मिनी रोड शो, चार विधायक भी ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ऐतिहासिक पल का गवाह बना कोलकाता, भाजपा समर्थकों में भारी उत्साह

कोलकाता ( शिखर दर्शन ) // पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है और इसी के साथ राज्य की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे शुभेंदु अधिकारी शपथ समारोह के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंच चुके हैं। उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मंच पर मौजूद हैं। कुछ ही देर में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने मिनी रोड शो किया। रोड शो के दौरान सड़कों पर भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और “जय श्री राम” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फूल बरसाकर नेताओं का स्वागत किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री के साथ चार अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि देर शाम तक संभावित मंत्रियों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल का गठन कर रहा है।

इससे पहले शुक्रवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से भाजपा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए हैं। करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और बड़ी संख्या में साधु-संत भी समारोह में पहुंचे हैं। समारोह स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।

शपथ ग्रहण से पहले शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल में पहली भाजपा सरकार का गठन “सोनार बांग्ला” के नए दौर की शुरुआत है। उन्होंने इसे दशकों के कुशासन के अंत और विकास, शांति तथा समृद्धि के नए युग का आरंभ बताया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!