बिलासपुर संभाग

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लापरवाही का VIDEO वायरल, स्टाफ के इंतजार में मरीज के दोस्त ने खुद की ड्रेसिंग

कोरबा मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था पर उठे सवाल, वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू

कोरबा ( शिखर दर्शन ) // जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। अस्पताल के ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मरीज का दोस्त खुद ड्रेसिंग करता दिखाई दे रहा है। घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक रामपुर निवासी हुकुम कुमार का कुछ दिन पहले अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद टांकों में दर्द और परेशानी बढ़ने पर वह अपने दोस्त चंदन कुमार के साथ ड्रेसिंग कराने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि काफी देर तक ड्रेसिंग रूम में कोई जिम्मेदार स्टाफ मौजूद नहीं मिला, जिसके बाद मरीज के साथी ने खुद ही ड्रेसिंग करना शुरू कर दिया।

इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन सक्रिय हुआ। मामले की जानकारी मिलते ही सह अधीक्षक रविकांत जाटवर ने जांच शुरू करवाई।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ड्रेसिंग रूम में कर्मचारी मौजूद था और उसने मरीज के दोस्त को ऐसा करने से रोका भी था, लेकिन युवक ने खुद ड्रेसिंग कर दी। हालांकि वायरल वीडियो ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि यदि स्टाफ मौजूद था तो मरीज के परिजन को खुद ड्रेसिंग करने की नौबत आखिर क्यों आई। सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं और कर्मचारियों की जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!