राष्ट्रीय

बंगाल में आज बनेगी पहली भाजपा सरकार, शुभेंदु अधिकारी लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य आयोजन, एक लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान

कोलकाता ( शिखर दर्शन ) // शुभेंदु अधिकारी आज पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य में आजादी के बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है, जिसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में करीब एक लाख लोगों के जुटने का अनुमान लगाया गया है।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के कोलकाता पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने बंगाल में भाजपा सरकार बनने का दावा किया था, जो अब सच साबित हुआ है।

शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। बंगाल की संस्कृति की झलक दिखाने के लिए विभिन्न जिलों से आए कलाकार प्रस्तुति देंगे। समारोह में आम लोगों और मेहमानों के लिए खाने-पीने की विशेष व्यवस्था भी की गई है। मैदान में बंगाल की प्रसिद्ध झालमुड़ी के स्टॉल लगाए गए हैं, जबकि वीआईपी मेहमानों के लिए आलू दम, काली दाल, पुलाव, मिक्स वेज, मसाला कुल्चा, बैंगन भाजा, आलू पोस्तो और मिठाई में गुलाब जामुन परोसे जाएंगे।

शपथ ग्रहण से पहले शुभेंदु अधिकारी ने साफ किया कि नई सरकार सामूहिक नेतृत्व के साथ काम करेगी। भाजपा ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में उपमुख्यमंत्री का पद नहीं होगा। संभावित मंत्रिमंडल में कई प्रमुख नेताओं को शामिल किए जाने की चर्चा है।

बीते 8 मई को अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल आर. एन. रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी 80 सीटों तक सिमट गई।

समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और शिवराज सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!