Blog

बेंगलुरु की ‘कातिल हसीना’: इजहार-ए-मोहब्बत के 66 दिन बाद प्रेमी को जिंदा जलाया

‘वेस्टर्न स्टाइल प्रपोजल’ के बहाने रची खौफनाक साजिश, आरोपी प्रेमिका ने कबूला जुर्म

बेंगलुरु ( शिखर दर्शन ) // कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। एक प्रेमिका ने अपने ही प्रेमी को बेहद खौफनाक तरीके से मौत के घाट उतार दिया। वेलेंटाइन डे पर जिस रिश्ते की शुरुआत हुई थी, उसी का अंत महज 66 दिनों के भीतर रूह कंपा देने वाले हत्याकांड में हो गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी युवती प्रेमा ने अपने प्रेमी किरण को घर बुलाया और ‘वेस्टर्न स्टाइल प्रपोजल’ के नाम पर पहले उसकी आंखों पर पट्टी बांधी। इसके बाद रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध दिए और पहले से तैयार रखा केरोसिन उस पर डालकर आग लगा दी। इस भयावह घटना में युवक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

जांच में सामने आया है कि दोनों की मुलाकात पिछले साल अगस्त में एक टेलीकॉम कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और 14 फरवरी यानी वेलेंटाइन डे के दिन दोनों ने अपने रिश्ते को स्वीकार किया। बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के प्रति बेहद गंभीर थी और उसे महंगे गिफ्ट देने की योजना भी बना रही थी, लेकिन रिश्ते में आई खटास ने पूरी कहानी को बदल दिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रेमी के बदलते व्यवहार और दूरी बनाने से वह आक्रोश में थी। उसे यह भी शक था कि किरण का अपनी पूर्व प्रेमिका से संपर्क फिर से बढ़ रहा है। इसी के चलते उसने पहले से हत्या की योजना बनाई और पेट्रोल-केरोसिन समेत अन्य सामान जुटा लिया।

वारदात के दौरान जब किरण आग की लपटों में घिरकर चीख रहा था, तो आरोपी घबरा गई और मौके से भाग निकली। पुलिस को यह भी शक है कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग आरोपी ने अपने मोबाइल में की हो सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि यह स्पष्ट रूप से सुनियोजित हत्या का मामला है और हर पहलू से जांच की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!