पहलगाम हमले की बरसी पर पीएम मोदी की हुंकारः आतंक के खिलाफ झुकेंगे नहीं

शहीदों को श्रद्धांजलि, पाकिस्तान को कड़ा संदेश; ऑपरेशन सिंदूर की भी दिलाई याद
नई दिल्ली // जम्मू-कश्मीर ( शिखर दर्शन ) // पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़ा संदेश देते हुए आतंकवाद के खिलाफ देश की प्रतिबद्धता दोहराई है। 22 अप्रैल 2025 को हुए इस हमले में मारे गए 26 निर्दोष लोगों को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और आतंक के सामने झुकने का सवाल ही नहीं उठता।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि पहलगाम में हुए उस दर्दनाक हमले के पीड़ितों को आज पूरा देश याद कर रहा है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। साथ ही स्पष्ट किया कि भारत किसी भी प्रकार के आतंकवाद के आगे झुकने वाला नहीं है और आतंकियों के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।

बरसी से एक दिन पहले भारतीय सेना ने भी सख्त संदेश देते हुए आतंक के समर्थकों को चेतावनी दी थी। सेना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा संदेश में कहा गया कि जब इंसानियत की सीमाएं पार की जाती हैं तो जवाब निर्णायक होता है और भारत अपने दुश्मनों को भूलता नहीं है। इस पोस्ट में ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी प्रतीकात्मक झलक भी दिखाई गई, जिसने पिछले साल की जवाबी कार्रवाई की याद ताजा कर दी।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन इलाके में आतंकियों ने निर्दोष पर्यटकों को निशाना बनाते हुए हमला किया था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था और इसके बाद भारत ने सख्त रुख अपनाया।
हमले के जवाब में 7 मई 2025 को भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इस कार्रवाई में कई आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए गए और बड़ी संख्या में आतंकियों को मार गिराने का दावा किया गया।
पहली बरसी पर जहां देश शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है, वहीं सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह अलर्ट पर हैं। घाटी में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की साजिश को नाकाम किया जा सके।



